Homeउत्तराखण्ड न्यूजउत्तराखंड में युवाओं को मिल रही सरकारी नौकरी,धामी सरकार ने कर दिया...

उत्तराखंड में युवाओं को मिल रही सरकारी नौकरी,धामी सरकार ने कर दिया कमाल..

देहरादून:उत्तराखंड की धामी सरकार ने प्रदेश के विकास के साथ-साथ युवाओं को रोजगार देने में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सरकारी नौकरी देने के मामले में धामी सरकार का प्रदर्शन बेहतरीन है। प्रदेश में न केवल समूह ग की भर्ती, बल्कि अधिकारियों की भर्ती के मामले में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने रिकॉर्ड कायम किया है।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) का दावा है कि धामी सरकार ने एक वर्ष के कार्यकाल में 6635 भर्ती की हैं, जबकि पिछले 22 वर्षों के दौरान 6869 भर्तियां ही हुई। अभी तक 3040 अभ्यर्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि 3595 अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम तैयार किया जा रहा है।

आयोग ने मई 2024 तक पांच हजार से ज्यादा नए पदों पर भर्ती परीक्षाएं आयोजित करने का लक्ष्य रखा है। आयोग का दावा है कि अफसरों की भर्ती करने में धामी सरकार में छह गुणा रफ्तार बढ़ी है। मुख्यमंत्री धामी ने कड़ी चुनौती और अनेक अड़चनों के बावजूद एक साल में साढ़े छह हजार से अधिक अधिकारियों की भर्ती परीक्षा का रिकार्ड बनाया है।

जबकि पहले आयोग मुश्किल से साल भर में आठ से 10 परीक्षाएं आयोजित कर पांच सौ से एक हजार अधिकारियों की ही भर्ती कर पाता था। अब आयोग ने एक वर्ष में रिकॉर्ड 30 परीक्षाएं आयोजित कर तीन हजार अफसरों की भर्ती करने का रिकॉर्ड बनाया है।

मुख्यमंत्री धामी ने आयोग में नकल माफियाओं का जाल ध्वस्त करने के बाद देश का सबसे सख्त नकल रोधी कानून बनाया है। इस कानून के बाद से आयोग की परीक्षाओं को और अधिक पारदर्शी व शुचिता के साथ संपन्न कराया जा रहा है।

3040 पदों पर की गई भर्ती

आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनवरी 2023 से दिसंबर तक 3040 पदों पर अधिकारियों की भर्ती की गई है। जबकि वित्त वर्ष मार्च 2024 तक 6635 पदों पर भर्ती परिणाम जारी करने की तैयारी अंतिम चरण में चल रही है। इसमें सबसे बड़ी भर्ती पीसीएस परीक्षा, वन आरक्षी, समीक्षा अधिकारी समेत अन्य का परिणाम शामिल है।

मई 2024 तक कराई जाएंगी इन पदों के लिए परीक्षा

इसके अलावा विभिन्न विभागों से प्राप्त नई भर्ती के अधियाचन के तहत पांच हजार से ज्यादा पदों पर मई 2024 तक परीक्षाएं कराई जाएंगी। खासकर पीसीएस के रिक्त पदों पर भी इस साल का अधियाचन शासन से मिलना बाकी है। ऐसे में वर्ष 2024 में भी धामी सरकार में अफसरों की बंपर भर्ती की उम्मीद की जा सकती है।

एक नजर