Homeउत्तराखण्ड न्यूजउत्तराखण्ड के लिए 38वें राष्ट्रीय खेल का आखिरी दिन बना यादगार, कुश्ती...

उत्तराखण्ड के लिए 38वें राष्ट्रीय खेल का आखिरी दिन बना यादगार, कुश्ती में हासिल किया उत्तम ने स्वर्ण पदक

देहरादून : राष्ट्रीय खेलों में मेज़बान उत्तराखंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अंतिम दिन एक स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल कर राज्य ने पदकों का शतक पूरा किया। इसमें 24 स्वर्ण, 35 रजत और 42 कांस्य पदक शामिल हैं।

राष्ट्रीय खेलों के आखिरी दिन उत्तम ने उत्तराखंड के लिए सोना जीता, जबकि, हॉकी के पुरुष वर्ग में कर्नाटक और महिला वर्ग के मुकाबले में हरियाणा की टीम चैंपियन बनी। विजेता टीमों और खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। बृहस्पतिवार को 38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद में हॉकी प्रतियोगिता के अंतिम दिन महिला और पुरुष वर्ग के हॉकी मैचों के साथ-साथ कुश्ती की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। महिला वर्ग का फाइनल हॉकी मैच मध्य प्रदेश और हरियाणा के बीच खेला गया। बेहतरीन प्रदर्शन के कारण हरियाणा की टीम ने 04-01 से मध्य प्रदेश को हराया। हरियाणा की टीम से चौधरी महिमा ने 01, इशिका ने 02 और मोनिका ने 01 गोल किया। मध्य प्रदेश की टीम से चावन ऐश्वर्या ने 01 गोल किया।

पुरुष वर्ग का फाइनल हॉकी मैच कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के बीच खेला गया। कर्नाटक की टीम ने एक रोमांचक मुकाबले में 03-02 से उत्तर प्रदेश को हराकर जीत हासिल की। कर्नाटक की टीम से समंथ सीएस ने 01, भरत मलिंगप्पा ने 01 और अभारन सुदेव बी ने 01 गोल किया। उत्तर प्रदेश की टीम से सिंह विष्णुकांत और फराज खान ने 01-01 गोल किया।

महिला वर्ग में तृतीय और चतुर्थ स्थान के लिए झारखंड और महाराष्ट्र की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक मैच में झारखंड की टीम ने 02-01 से जीत हासिल की। झारखंड की तरफ से परमोदनी लखरा ने पहला गोल और अलबेला रानी टोपो ने दूसरा गोल किया, जिसके कारण झारखंड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाराष्ट्र की टीम से तन्नु श्री दिनेश कडू ने 01 गोल किया।

पुरुष वर्ग में तृतीय और चतुर्थ स्थान के लिए महाराष्ट्र और पंजाब की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें महाराष्ट्र की टीम ने 01-00 से विजय प्राप्त की। महाराष्ट्र की टीम से वेंकटेश कैंचे ने 01 गोल किया, जबकि पंजाब की टीम द्वारा बहुत प्रयास के बावजूद कोई गोल नहीं किया जा सका, और महाराष्ट्र ने 01 गोल से तृतीय स्थान हासिल किया।

130 किलोग्राम भार वर्ग के रोमन ग्रीको कुश्ती के फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड के उत्तम ने गोल्ड मेडल जीता। एसएससीबी के प्रेम ने रजत, महाराष्ट्र के दिग्विजय और हरियाणा के अंकुश ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 74 किलोग्राम भार वर्ग में एसएसबी के जयदीप ने गोल्ड, महाराष्ट्र के आदर्श ने सिल्वर, दिल्ली के गौरव और कर्नाटक के रोहन ने कांस्य पदक जीता। 60 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा के साहिल ने गोल्ड, दिल्ली के शुभम ने रजत, एसएससीबी के प्रवीन और महाराष्ट्र के हितेश ने कांस्य पदक हासिल किया।

महाराष्ट्र की असलेशा ने कांस्य पदक अपने नाम किया

53 किलोग्राम भार महिला वर्ग में महाराष्ट्र की स्वाति ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि मध्यप्रदेश की पूजा ने रजत और गुजरात की हिना बैन तथा हरियाणा की ज्योति ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

86 किलोग्राम भार वर्ग में दिल्ली के पहलवान ने स्वर्ण, हरियाणा के सचिन ने रजत, और पंजाब के संदीप तथा गुजरात के अमन ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती महिला वर्ग में हरियाणा की तपस्या ने स्वर्ण, गुजरात की भाविका ने रजत, और चंडीगढ़ की नीतू तथा महाराष्ट्र की असलेशा ने कांस्य पदक जीता।

पुरुष वर्ग के फाइनल हॉकी मैच का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धर्मपत्नी गीता पुष्कर धामी और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। हॉकी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया।

एक नजर