Homeउत्तराखण्ड न्यूज "6 मई के बाद तीर्थयात्रियों का सफर होगा आसान" दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर...

 “6 मई के बाद तीर्थयात्रियों का सफर होगा आसान” दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्ट।

छह मई से चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों का सफर आसान हो जाएगा। दरअसल, दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्रारीट चेकपोस्ट के पास उत्तर प्रदेश सरकार स्वागत द्वार का निर्माण कार्य करवा रही है। स्वागत द्वार पर आरसीसी बीम का लिंटर डाले काफी समय हो गया है।

शटरिंग आदि लगी होने से सहारनपुर जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग को छह मई तक के लिए बंद किया है। इस कारण ट्रैफिक गंदेवड़-हथिनीकुंड-वाया पांवटा साहिब मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है। इस मार्ग की हालत ठीक नहीं है, जिससे तीर्थयात्री व अन्य सवारियों को परेशानी हो रही है। छह मई के बाद दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सहारनपुर रूट की बसों का संचालन पहले की तरह हो जाएगा, जिससे यात्रियों को सहुलियत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर जनपद सहारनपुर में दर्रारीट चेकपोस्ट के पास दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वागत द्वार का निर्माण कार्य प्रगति पर है। स्वीकृत ड्राइंग के अनुसार राजमार्ग पर प्रवेश द्वार के लिए मार्ग के दोनों ओर निर्मित किए गए टावर को आरसीसी बीम से कनेक्ट किया जाना है। इसलिए सहारनपुर जिला प्रशासन ने बीम का कार्य कराने के लिए राजमार्ग पर यातायात छह अप्रैल से छह मई तक बंद किया है।

विकासनगर-सहारनपुर रूट पर चलने वाली निजी बसों की यूनियन ने यात्रियों की जेब पर भार न पड़े, इसलिए सवारियां शिफ्ट करने की व्यवस्था बनाई है। विकासनगर से निजी बसें दर्रारीट चेकपोस्ट तक जाती हैं, जबकि सहारनपुर से बसें काली माता मंदिर तक आ रही हैं। सवारियां थोड़ा पैदल चलकर बसों में शिफ्ट हो रही हैं।

सहारनपुर से विकासनगर और विकासनगर से सहारनपुर जाने वालों का सफर बसों की अदला बदली व्यवस्था से चल रहा है, लेकिन अन्य वाहन को पुलिस धर्मावाला चौक से गंदेवड़-हथिनीकुंड-वाया पांवटा साहिब मार्ग पर डायवर्ट कर रही है। छह मई के बाद ट्रैफिक पहले की तरह से सुचारू हो जाएगा।

दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से आने वाले चारधाम तीर्थयात्रियों का भी सफर सुगम हो जाएगा। थानाध्यक्ष सहसपुर गिरीश नेगी के अनुसार, वर्तमान में धर्मावाला चौक से ट्रैफिक को डायवर्ट करने का क्रम चल रहा है। छह मई के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने पर आवागमन पहले की तरह से सुचारू हो जाएगा।

प्राइवेट बसों का इस तरह से आवागमन

सहारनपुर विकासनगर बस आपरेटर्स यूनियन के स्थानीय प्रभारी मुनीर अहमद ने बताया कि विकासनगर से रोजाना सहारनपुर रूट की सवारियों को लेकर 11 बसें विकासनगर से दर्रारीट चेकपोस्ट के पास तक जा रही हैं। ये बसें पूरे दिन में विकासनगर से दर्रारीट तक के 35 फेरे लगाती हैं।

जबकि सहारनपुर से विकासनगर के लिए 40 बसें रोजाना चल रही हैं। जो दर्रारीट चेकपोस्ट के पास काली माता मंदिर तक पहुंच रही हैं। विकासनगर से दर्रारीट तक जाने वाली आखिरी बस सायं सात बजकर पांच मिनट पर जाती है, जबकि सहारनपुर से अंतिम बस रात आठ बजकर 20 मिनट पर काली माता मंदिर के लिए चलती है। सवारियों को शिफ्ट करने की व्यवस्था लगातार जारी है।

एक नजर