Homeउत्तराखण्ड न्यूजउत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री आवास पर सावन महोत्सव महिलाओं ने धूमधाम से बनाया

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री आवास पर सावन महोत्सव महिलाओं ने धूमधाम से बनाया

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री आवास में रविवार को तीज त्योहार के अवसर पर सावन उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में तीज पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ हुईं, जिसमें उत्तराखंड के लोकगीत और लोकनृत्य शामिल थे। गीता धामी ने सभी मेहमानों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस उत्सव के दौरान तीज क्वीन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि गुरमीत कौर और आयोजक गीता धामी द्वारा दीप प्रज्वलित करके की गई।

गुरमीत कौर ने सभी महिलाओं का स्वागत करते हुए कहा कि हम सभी यहाँ सावन उत्सव के लिए एकत्रित हुए हैं। सावन के महीने में धरती हरियाली से ढक जाती है। उत्तराखंड का हर कोना हरी-भरी हरियाली से आच्छादित है। सावन का महीना हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है और यह प्रकृति और मानव के बीच के अनूठे संबंध को भी दर्शाता है। सावन के दौरान रक्षाबंधन, नागपंचमी और तीज जैसे त्योहार हमारे रिश्तों को मजबूत करने और पारिवारिक बंधनों को गहरा करने का अवसर प्रदान करते हैं।

गुरमीत कौर ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं शक्ति का प्रतीक हैं और राज्य की महिलाएं अत्यंत मेहनती हैं। हरियाली तीज का उत्सव हमारे जीवन में नई उमंग और ताजगी लाता है। जैसे प्रकृति हरी-भरी होती है, वैसे ही हमारे जीवन में भी खुशियों और प्रेम का संचार होना चाहिए। सावन का महीना भगवान शिव की पूजा का भी महत्वपूर्ण समय है। इस समय शिवभक्त विशेष पूजा-अर्चना और उपवास रखते हैं और शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हैं।

गीता धामी ने सावन उत्सव कार्यक्रम में सभी का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाली तीज सौंदर्य, प्रेम, उमंग और सुहाग का त्योहार है। यह त्योहार हमें एक मंच पर लाकर खुशियों का आदान-प्रदान करने का सुखद अवसर प्रदान करता है। सावन मास हरियाली का प्रतीक है और यह महीना भगवान शिव और पार्वती को समर्पित है। तीज त्योहार पारंपरिक वस्त्रों, रीति-रिवाजों और परंपराओं को जीवित रखने का कार्य करता है। त्योहारों को मनाने से हम अपने रीति-रिवाज और संस्कारों को संरक्षित रख सकते हैं और इन्हें भविष्य तक पहुंचा सकते हैं।

गीता धामी ने कहा कि इस सावन के अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान के तहत, हमें पर्यावरण संरक्षण हेतु “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करना चाहिए। उन्होंने बताया कि वह स्वयं “सेवा संकल्प फाउंडेशन” के माध्यम से पूरे प्रदेश में वृक्षारोपण अभियान चला रही हैं। हम सभी को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक हमारा पर्यावरण जीवित रहेगा, तब तक हमारा जीवन सुरक्षित रहेगा।

इस दौरान कार्यक्रम में महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, बाल आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना, जिला पंचायत की अध्यक्ष मधु चौहान, विधायक सविता कपूर, विधायक सरिता आर्य, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पद्मश्री बसंती बिष्ट, चांद गुलाटी, आकांक्षा, दीपाली सिंह, अनीशा गुलाटी, वेनू ढिंगरा, लोक गायिका माधुरी बर्थवाल और अन्य सम्मानित लोग उपस्थित रहे।

एक नजर