Homeउत्तराखण्ड न्यूजनौकैंची लैंडस्लाइड के बाद यमुनोत्री धाम की यात्रा पर ब्रेक, हजारों यात्रियों...

नौकैंची लैंडस्लाइड के बाद यमुनोत्री धाम की यात्रा पर ब्रेक, हजारों यात्रियों को रोका, कल से शुरू हो सकती है यात्रा


उत्तरकाशी: यमुनोत्री धाम पैदल यात्रा मार्ग पर नौकैंची के पास हुए भूस्खलन क्षेत्र में मलबा हटाने का काम जारी है. यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत पैदल मार्ग के ऊपर रुके हुए पत्थरों को भी हटाया जा रहा है. इसके लिए प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर यत्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकवा दिया है. वहीं दो लापता कमलेश जेठवा पुत्र कांतिबाई निवासी मुंबई, महाराष्ट्र और भविका शर्मा पुत्री जय शर्मा निवासी कृष्ण विहार नई दिल्ली की खोजबीन में घटनास्थल पर रेस्क्यू कार्य चल रहा है. तीर्थ यात्री मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं.

बता दें कि यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर सोमवार को पहाड़ी से हुए भूस्खलन के बाद मंगलवार सुबह से फिर खोज बचाव अभियान शुरू किया गया. सोमवार देर शाम तक एक 12 वर्षीय किशोरी समेत दो शव निकाल लिए गए थे. वहीं एक घायल को उपचार के लिए भेजा गया था.

नौकैंची लैंडस्लाइड के बाद यमुनोत्री धाम की यात्रा पर ब्रेक (VIDEO-ETV Bharat)

बड़कोट एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है. तीर्थ यात्रियों को बड़कोट, दुबाटा बैंड, गंगनानी, खरादी, पाली गाड़ सहित विभिन्न कस्बों में सैकड़ों वाहनों में हजारों श्रद्धालुओं को रोक रखा है.

उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी प्रशांत आर्या के आदेशानुसार यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत यमुनोत्री धाम पैदल यात्रा मार्ग के नौकैंची के पास सुरक्षा के दृष्टिगत पैदल मार्ग के ऊपर रुके हुए पत्थरों को हटाने, यात्रा मार्ग के मरम्मत कार्य, रेलिंग आदि लगाये जा रहे हैं. वहीं यमुनोत्री धाम पैदल वैकल्पिक मार्ग की सफाई और सुव्यस्थित सुविधा किए जाने आदि का काम भी गतिमान है. जिसके आज रात तक पूरा होने की संभावना है. इसके बाद ही यमुनोत्री पैदल मार्ग को कल सुरक्षित आवागमन के लिए सुचारू कर यात्रियों को जानकीचट्टी से धाम के लिए भेजा जाएगा.

मसूरी धनौल्टी रोड पर गिरे बोल्डर: मसूरी में मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद मसूरी-धनौल्टी रोड पर कपलानी के निकट पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिसके साथ पेड़ भी गिरकर मुख्य मार्ग पर आ गए. इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया. घटना के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

स्थानीय निवासियों और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया से राहत कार्य शुरू किया गया. जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर गिरे भारी बोल्डर और पेड़ों को हटाया गया. करीब दो घंटे बाद मसूरी पुलिस द्वारा मार्ग आंशिक रूप से खुलने के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू किया गया.

ये भी पढ़ें:

एक नजर