Homeउत्तराखण्ड न्यूजसीएम धामी ने जल शक्ति मंत्री से की भेंट,761 मेगावाट जलविद्युत परियोजनाओं...

सीएम धामी ने जल शक्ति मंत्री से की भेंट,761 मेगावाट जलविद्युत परियोजनाओं को स्वीकृति देने की मांग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड में प्रस्तावित 761 मेगावाट क्षमता की आठ जलविद्युत परियोजनाओं के विकास और निर्माण के लिए शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। इनमें 647 मेगावाट की सात परियोजनाएं और 114 मेगावाट की एक परियोजना शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से राज्य में सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार मां गंगा सहित समस्त नदियों की निर्मलता, अविरलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी जलविद्युत परियोजनाएं विशेषज्ञों की संस्तुतियों और पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए सतत विकास के सिद्धांत पर आधारित होंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से भेंट के दौरान 114 मेगावाट की सेला उर्थिंग जलविद्युत परियोजना को स्वीकृति देने की विशेष रूप से मांग की। उन्होंने बताया कि यह परियोजना पिथौरागढ़ जनपद में धौलीगंगा नदी पर प्रस्तावित है और यह राज्य की सीमाओं के भीतर होते हुए भी गंगा बेसिन का हिस्सा नहीं है।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में गंगा और उसकी सहायक नदियों पर जलविद्युत परियोजनाओं को लेकर प्रतिबंध है, लेकिन अन्य नदी घाटियों पर ऐसे किसी प्रतिबंध का प्रावधान नहीं है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि इस परियोजना को शीघ्र स्वीकृति मिल सके और राज्य के ऊर्जा व विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

एक नजर