देहरादून: उत्तराखंड में आयोजित 38वें नेशनल गेम्स में खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, जिम्नास्टिक और स्टीपलचेज दौड़ जैसे खेलों में खिलाड़ी पदक जीत रहे हैं। आज भी विभिन्न प्रदेशों से आए खिलाड़ी अपनी ताकत दिखाएंगे। आइए, आज के इवेंट्स पर एक नजर डालते हैं।
कबड्डी प्रतियोगिता: नेशनल गेम्स में पुरुष बीच कबड्डी की प्रतियोगिता 10 बजे से आयोजित होगी, जिसका फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच होगा। वहीं, महिला बीच कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल हिमाचल प्रदेश और हरियाणा की टीम के बीच 10 बजे होगा। पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मुकाबला 11 बजे हरियाणा और उत्तराखंड के बीच होगा, जबकि महिला कबड्डी का सेमीफाइनल मुकाबला 11 बजे यूपी और उत्तराखंड के बीच होगा।
मल्लखंब प्रतियोगिता: नेशनल गेम्स में पुरुष मल्लखंब प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 9 बजे से बहुउद्देश्यीय हॉल, खटीमा में होगा। वहीं, महिला मल्लखंब प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भी 9 बजे होगा।
जूडो प्रतियोगिता: 38वें नेशनल गेम्स में 11 बजे से 73 किलो वर्ग में पुरुषों का मुकाबला होगा। 11:05 बजे उत्तराखंड और पंजाब के बीच, 11:10 बजे गुजरात और हरियाणा, 11:10 बजे महाराष्ट्र और पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर, जम्मू कश्मीर और दिल्ली, पंजाब और महाराष्ट्र, अरुणाचल और केरल के बीच मुकाबले होंगे।
हॉकी प्रतियोगिता: 38वें नेशनल गेम्स में महिला हॉकी प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मैच महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच 7:00 बजे से होगा। महिला हॉकी का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 9:00 बजे हरियाणा और झारखंड के बीच होगा। वहीं, पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का सेमीफाइनल 12:15 बजे महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच होगा, जबकि पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच सेमीफाइनल मुकाबला 2:00 बजे होगा।