Homeस्पोर्ट्सपेरिस पैरालंपिक का शानदार उद्घाटन..भारत समेत कुल 167 देशों ने भाग लिया

पेरिस पैरालंपिक का शानदार उद्घाटन..भारत समेत कुल 167 देशों ने भाग लिया

फ्रांस की राजधानी पेरिस में पैरालंपिक 2024 का शानदार आगाज़ हुआ। उद्घाटन समारोह में भारत समेत 167 देशों के खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दिलचस्प बात यह है कि खेलों के इतिहास में पहली बार उद्घाटन समारोह स्टेडियम से बाहर चैंप्स एलिसीस और प्लेस डे ला कोंकोर्ड में आयोजित किया गया। भारतीय भालाफेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल (एफ 64) और शॉटपुट खिलाड़ी भाग्यश्री जाधव (एफ34) इस समारोह में संयुक्त ध्वजवाहक रहे।

उद्घाटन समारोह में 167 देशों की परेड

भारतीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने बताया कि 29 अगस्त को स्पर्धाओं के कारण 32 खिलाड़ियों ने उद्घाटन समारोह में भाग नहीं लिया। 167 देशों की परेड में भारतीय दल के 106 सदस्यों ने हिस्सा लिया, जिसमें 52 खिलाड़ी और 54 अधिकारी शामिल थे।

भारतीय दल में कुल 179 सदस्य

भारत की 84 सदस्यीय टीम पेरिस पैरालंपिक में भाग लेगी, जिसमें 95 अधिकारी भी शामिल हैं। इन अधिकारियों में खिलाड़ियों की विशेष जरूरतों को देखते हुए उनके साथ जाने वाले निजी कोच और सहायक भी शामिल हैं। इस तरह, भारत के दल में कुल 179 सदस्य शामिल हैं। इन 95 अधिकारियों में 77 टीम अधिकारी, नौ दल के चिकित्सा अधिकारी, और नौ अन्य दल अधिकारी शामिल हैं।

रिकॉर्ड पदकों की उम्मीद

भारत ने 2021 के टोक्यो पैरालंपिक में पांच स्वर्ण सहित कुल 19 पदक जीते थे और समग्र रैंकिंग में 24वें स्थान पर रहा था। इस बार भारत का लक्ष्य स्वर्ण पदकों की संख्या को दोहरे अंक में पहुंचाने और कुल 25 से अधिक पदक जीतने का है। इस बार भारत 12 खेलों में भाग ले रहा है, जबकि टोक्यो में 54 सदस्यीय टीम ने नौ खेलों में भाग लिया था।

एक नजर