Homeउत्तराखण्ड न्यूजकांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने देहरादून की सड़कों में जमकर की ED...

कांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने देहरादून की सड़कों में जमकर की ED के खिलाफ नारेबाजी

कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से रैली निकालते हुए सड़कों पर उतरे। कार्यकर्ताओं ने ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उत्तराखंड कांग्रेस कार्यकर्ता आज देहरादून में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने क्रॉस रोड स्थित ईडी के दफ्तर के बाहर जोरदार नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। लंबे समय तक चले इस प्रदर्शन के बाद, पुलिस ने हरक सिंह रावत को हिरासत में ले लिया।

गुरुवार की सुबह, कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से रैली निकालते हुए सड़कों पर उतरे। इस प्रदर्शन में हरक सिंह रावत, रंजीत रावत, सूर्यकांत धस्माना, शूरवीर सिंह सजवाण, गणेश गोदियाल, प्रदीप टम्टा और ज्योति रौतेला भी शामिल हुए। पुलिस ने ईडी ऑफिस तक पहुंचने से पहले ही प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की हुई। कार्यकर्ताओं ने इस बीच जोरदार नारेबाजी भी की।

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि ईडी और सीबीआई का जिस तरह से भाजपा सरकार द्वारा उपयोग किया जा रहा है, हम उसका विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस के 143 सांसदों की सदस्यता समाप्त कर एक कानून पास किया गया। आज देश में ऐसी शक्तियाँ शासन कर रही हैं, जो नाथूराम गोडसे की जयकार करती हैं। आज हर परिवार में कोई न कोई बच्चा बेरोजगार है। हमारे नेता राहुल गांधी ने एक साल पहले जो मुद्दा उठाया था, आज हिडनबर्ग ने उसका खुलासा किया है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि यह पहली सरकार है जिसने ईडी को एक हथियार बना दिया है। ईडी के अधिकारियों को भी समझना होगा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं। देश में जो हिटलरशाही है और विपक्ष के नेताओं को दबाने के लिए जो एजेंसी लगाई गई है, वह जनता देख रही है।

हरक सिंह रावत ने कहा कि देशभर में कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता ने समय-समय पर उसका जवाब दिया है। देश ने अभी केवल अंगड़ाई ली है, और माहौल बदल गया है। हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड, और दिल्ली में चुनाव होंगे, जिनके बाद बदलाव और तेज होगा।

एक नजर