Homeउत्तराखण्ड न्यूजनिकाय चुनाव अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में ,15 सितंबर तक परिसीमन, सर्वेक्षण...

निकाय चुनाव अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में ,15 सितंबर तक परिसीमन, सर्वेक्षण और मतदाता सूची होगी तैयार

देहरादून :- उत्तराखंड में निकाय चुनाव अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित किए जाएंगे। 15 सितंबर तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा जाएगा।राज्य में नगर निकाय चुनाव अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित किए जाएंगे। इस समयरेखा के अनुसार, सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है। ओबीसी आरक्षण और निकायों के परिसीमन जैसी सभी तैयारियां 15 सितंबर से पहले पूरी कर ली जाएंगी।

इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा जाएगा। इसी दौरान, सरकार ने निकाय चुनाव से पहले अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ को नगर निगम बनाने की प्रक्रिया को भी तेजी से आगे बढ़ा दिया है। प्रदेश में नगर निगम, नगर पालिका, और नगर पंचायतों का कार्यकाल पिछले साल 2 दिसंबर को समाप्त हो गया था। इसके बाद, छह महीने की अवधि के लिए, यानी 2 जून तक, इन निकायों की जिम्मेदारी प्रशासकों को सौंप दी गई थी।

इस अवधि के दौरान चुनाव न होने के कारण सरकार ने तीन महीने की अतिरिक्त अवधि बढ़ा दी थी। इस बीच, हाईकोर्ट के आदेश आने के बाद, सरकार ने अंतिम समयरेखा तय कर ली है। राज्य में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में निकाय चुनाव होंगे। इससे पहले, 15 सितंबर तक ओबीसी आरक्षण लागू करने के लिए नियमावली और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

निकायों के परिसीमन और मतदाता सूची के कार्य भी इसी समय सीमा के भीतर पूरा करने की योजना है। इस संदर्भ में, सचिव शहरी विकास नितेश झा ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निकाय चुनाव कराने के लिए तैयारियों को तेज कर दिया गया है।

दिवाली से पहले नेताओं की दिवाली:- 29 अक्टूबर को दिवाली मनाई जाएगी। इसके पहले, नगर निकायों के नेताओं की दिवाली मनेगी। सरकार ने निर्णय लिया है कि दिवाली से पहले सभी निकायों में नए बोर्ड गठित कर दिए जाएंगे।

देहरादून नगर निगम का परिसीमन 15 दिन में:- शासन ने निर्देशित किया है कि नगर निगम देहरादून के 54 वार्डों का परिसीमन 15 दिनों के भीतर सुधार कर शासन को भेजा जाए। इस समय सीमा के भीतर ओबीसी आरक्षण और मतदाता सूची का कार्य भी पूरा करना होगा, ताकि निकाय चुनाव में किसी प्रकार की अड़चन न आए।

नगर पालिका अल्मोड़ा और नगर पालिका पिथौरागढ़ को नगर निगम बनाने के लिए शासन स्तर से जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है। डीएम की ओर से इन निकायों को निगम बनाने के लिए सीमांकन संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। अनुमान है कि चुनाव से पहले ही सरकार इन्हें नगर निगम बनाएगी। इसके अलावा, नगर पालिका रामनगर और नगर पालिका कर्णप्रयाग के परिसीमन में भी कुछ बदलाव किए जाएंगे; कुछ क्षेत्र जोड़े या हटाए जाएंगे। नए नगर निगम बनने के बाद राज्य में नगर निगमों की कुल संख्या 11 हो जाएगी (देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, कोटद्वार, श्रीनगर, हल्द्वानी, काशीपुर, रुद्रपुर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा)। नगर पालिकाओं की संख्या 41 और नगर पंचायतों की संख्या 50 होगी।

एक नजर