Homeउत्तराखण्ड न्यूजमुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आदि कैलाश में किया योगाभ्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आदि कैलाश में किया योगाभ्यास

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अद्भुत आदि कैलाश की पवित्र वादियों में योगाभ्यास कर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। उनके इस कदम ने न केवल योग और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया, बल्कि ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की महत्ता को भी रेखांकित किया। मुख्यमंत्री का यह योगाभ्यास जनता को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने और योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आदि कैलाश में स्थानीय लोगों और पर्यटकों के साथ योगाभ्यास किया। शांत और सुरम्य वातावरण में योग करते हुए सीएम धामी की प्रसन्नता साफ झलक रही थी। उन्होंने अपने योग सत्र के माध्यम से यह संदेश दिया कि योग न केवल शरीर और मन को स्वस्थ रखता है, बल्कि हमें प्रकृति के साथ भी जोड़ता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को हमारी प्राचीन विरासत का बहुमूल्य उपहार बताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि योग मनुष्य की मानसिक और शारीरिक शक्ति में वृद्धि करने और आध्यात्मिक ऊर्जा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि नियमित योग अभ्यास तनाव कम करने, जीवन को संतुलित बनाए रखने और असंभव लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायक है। उन्होंने जोर दिया कि शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से योगासनों को दिनचर्या में शामिल करना फायदेमंद है। योग के अभ्यास से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं, क्योंकि यह शरीर, श्वास और मन को जोड़ता है।

धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों के कारण आज योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है, जो देशवासियों के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री मोदी के सार्थक प्रयासों से योग जन-जन तक पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल में इस वर्ष 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन 21 जून 2024 को “स्वयं एवं समाज के लिए योग सूत्र” के साथ किया जा रहा है, जो योग के महत्व को और भी प्रबलता से दर्शाता है।

एक नजर