ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने आज राजधानी देहरादून में तिरंगा शौर्य यात्रा का आयोजन किया। इस रैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। यह यात्रा चीड़बाग से शुरू होकर परेड ग्राउंड तक गई।
राष्ट्रीय सुरक्षा को समर्पित नागरिकों के बैनर तले तिरंगा शौर्य यात्रा न केवल राजधानी में, बल्कि प्रदेश के सभी प्रमुख स्थलों—जिलों, विधानसभा क्षेत्रों, नगरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी निकाली गई। इस अभियान में कई सामाजिक संगठनों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।
रैली संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा में देशभक्ति से ओतप्रोत हजारों लोग उमड़ पड़े। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने प्रत्येक भारतीय के मन में गर्व की भावना भर दी है। उन्होंने आगे कहा कि आतंकवादियों ने धर्म के आधार पर निर्दोष लोगों की हत्या की, जिसके बाद पूरे देश ने एकजुट होकर सख्त और निर्णायक कार्रवाई की मांग उठाई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय सेना ने आतंकियों और उनके सरपरस्तों को यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि बहनों के सिंदूर छीनने की कोशिश का अंजाम क्या होता है। हमारी सेना ने पाकिस्तानी सीमा के भीतर घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जवानों ने पाकिस्तान की सेना को करारा जवाब देते हुए उसे उसकी औकात दिखा दी। अब पाकिस्तान को यह अच्छी तरह समझ में आ गया है कि भारत की ओर उठी उसकी हर नजर उसके लिए विनाश का कारण बन सकती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड ऐसा प्रदेश है जहां लगभग हर परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में सेवा दे रहा है। आज देहरादून की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा है, जो देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अब स्पष्ट संदेश मिल चुका है कि भारत सिर्फ आतंकवाद पर ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर भी खुलकर बात करेगा। पहले के समय में सेना को तुरंत जवाबी कार्रवाई की अनुमति नहीं मिलती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।