Homeउत्तराखण्ड न्यूजउच्च स्तरीय टीम ने किया 'हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर' का निरीक्षण, जनवरी...

उच्च स्तरीय टीम ने किया 'हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर' का निरीक्षण, जनवरी 2026 में निर्माण पूरा होने की उम्मीद


स्वास्थ्य महानिदेशालय, देहरादून (Photo- ETV Bharat)

देहरादून: राज्य सरकार की एक उच्च स्तरीय टीम ने गुरुवार को स्वास्थ्य महानिदेशालय में बन रहे निर्माणाधीन हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर का निरीक्षण करते हुए स्थितियों का जायजा लिया है. अपने भ्रमण के दौरान टीम ने डीजी हेल्थ डॉ. सुनीता टम्टा से मुलाकात की. उनसे निर्माण कार्य की गुणवत्ता, संरचना और डिज़ाइन पर विस्तार से चर्चा की.

उच्च स्तरीय टीम ने हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर का निरीक्षण किया: डीजी हेल्थ से मुलाकात के बाद टीम ने नोडल अधिकारी डॉ. पंकज सिंह के साथ निर्माण स्थल का दौरा किया. मौके पर केंद्र की तैयारियों का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया. निरीक्षण के दौरान टीम ने कार्य प्रगति पर संतोष जताया और राज्य सरकार द्वारा अपनाई गई पारदर्शी एवं व्यवस्थित कार्यप्रणाली की सराहना की. इस निरीक्षण प्रक्रिया ने न केवल परियोजना की विश्वसनीयता को मजबूत किया है, बल्कि यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को एक मॉडल संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए संकल्पबद्ध हैं.

जनवरी 2026 में पूरा हो जाएगा हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर का निर्माण कार्य: उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि-

एचईओसी का निर्माण कार्य का लगभग पूरा हो चुका है. अन्य कार्य भी निर्धारित गति से प्रगति पर चल रहे हैं. उम्मीद कि यह केंद्र जनवरी 2026 के अंत तक पूरा तैयार हो जाएगा. इसके बाद इसे औपचारिक रूप से केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग, उत्तराखंड को हस्तांतरित किया जाएगा.
-डॉ राजेश कुमार, स्वास्थ्य सचिव-

अधिकारियों को दिया जा रहा है विशेष प्रशिक्षण: स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि राज्य सरकार ने इस केंद्र के संचालन को लेकर पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं. जिसके तहत प्रशिक्षित और अनुभवी अधिकारियों को आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य आपात प्रतिक्रिया से संबंधित विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है. सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि केंद्र के शुरू होते ही यह आधुनिक क्षमता के साथ प्रभावी ढंग से कार्य कर सके. प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत उत्तराखंड राज्य को स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, केंद्र सरकार ने राज्य में हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की स्थापना को मंज़ूरी प्रदान की थी. इस केंद्र के निर्माण का आधा कार्य पूरा हो चुका है. इस केंद्र के जनवरी 2026 के अंत तक पूरा होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: हल्द्वानी बेस अस्पताल में शुरू हुआ 9 बेड का ICU वार्ड, कोरोना काल के बाद बंद पड़ा था

एक नजर